5
(1)

नवगछिया में बढ़ती अग्नि दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सोमवार को गोपालपुर थाना क्षेत्र में व्यापक स्तर पर अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी रूही कुमारी ने किया। उनके निर्देशन में फायर स्टेशन नवगछिया की टीम ने क्षेत्र में जागरूकता मार्च निकालकर लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी।

जागरूकता मार्च के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने गांव-गांव एवं बाजार क्षेत्रों में जाकर आमजन से सीधे संवाद किया और आग लगने की संभावित घटनाओं से बचाव के तरीकों को विस्तार से समझाया। लोगों को बताया गया कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं तेजी से फैलती हैं, ऐसे में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।

रूही कुमारी ने बताया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने बिजली के तारों की नियमित जांच, गैस सिलेंडर का सुरक्षित उपयोग तथा ज्वलनशील पदार्थों को खुले में न रखने की सलाह दी। साथ ही खेतों में पराली या कचरा जलाने से बचने की अपील भी की गई।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी आगजनी की घटना होने पर घबराने के बजाय तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें, ताकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके और नुकसान को कम किया जा सके।

इस अभियान के माध्यम से लोगों में न केवल जागरूकता बढ़ी, बल्कि सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया।

जागरूकता मार्च में फायर स्टेशन के कई अधिकारी एवं कर्मी सक्रिय रूप से शामिल रहे और आमजन को सुरक्षा के प्रति सचेत करते नजर आए।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: