


नवगछिया पुलिस जिला के खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर लगदहा चौक के समीप देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब मवेशी को बचाने के प्रयास में टमाटर लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में चालक और उपचालक आंशिक रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ट्रक (संख्या- JH 03 AQ 4023) पश्चिम बंगाल के हल्दीबाड़ी से 12 टन टमाटर लोड कर समस्तीपुर जिले के ताजपुर मंडी जा रहा था। शनिवार-रविवार की रात करीब 2 बजे, हल्की धुंध के बीच जैसे ही ट्रक लगदहा चौक के पास पहुंचा, अचानक सामने एक मवेशी आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने ब्रेक लगाया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगभग 15 फीट गहरे गड्ढे में पलट गया।
चालक-उपचालक घायल, पीएचसी में इलाज
हादसे में ट्रक चालक रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र स्थित भटपुरवा गांव निवासी 50 वर्षीय सुनील कुमार सिंह और उपचालक रोहित राज (20 वर्ष) घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए खरीक पीएचसी भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है।
लाखों का टमाटर हुआ बर्बाद
हादसे के बाद ट्रक पर लदा अधिकांश टमाटर सड़क किनारे बिखरकर नष्ट हो गया। अनुमान है कि इस दुर्घटना में करीब 2 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
पुलिस कर रही जांच
खरीक थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि एनएच-31 पर ट्रक पलटने की सूचना मिली थी। घायलों का इलाज कराया गया है। फिलहाल घटना को लेकर कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













