


नवगछिया।
नवगछिया में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सांवरिया सरकार समिति द्वारा दो दिवसीय श्री श्याम संकीर्तन वार्षिक महोत्सव का आयोजन 4 एवं 5 अप्रैल को स्थानीय घाट ठाकुरवाड़ी में किया जाएगा। महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
महोत्सव के पहले दिन 4 अप्रैल को सुबह 8 बजे मारवाड़ी विवाह भवन से भव्य निशान शोभा यात्रा निकाली जाएगी। यह शोभा यात्रा गाजे-बाजे, नृत्य-नाटिका के साथ नगर भ्रमण करते हुए घाट ठाकुरवाड़ी पहुंचेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इसी दिन तथा 5 अप्रैल को दोपहर 3 बजे से विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। भजन संध्या में देश के विभिन्न हिस्सों से आए भजन गायक अपनी प्रस्तुति देंगे। इनमें पंकज अग्रवाल (कोलकाता), हर्ष तनेजा (भिवानी), ईशा अग्रवाल (कोलकाता), आकाश परिचय (गिरिडीह) तथा युवराज भारद्वाज (नवगछिया) शामिल हैं, जो श्याम भक्तों को भक्ति रस से सराबोर करेंगे।
वहीं 5 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से घाट ठाकुरवाड़ी में लड्डू गोपाल फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें बच्चों की सहभागिता आकर्षण का केंद्र रहेगी।
महोत्सव के दौरान भव्य दरबार, अलौकिक श्रृंगार, अखंड ज्योति, इत्र वर्षा, फूलों की होली, दिव्य दर्शन, भजन गंगा, मनमोहक नृत्य-नाटिका तथा सवामणी प्रसाद जैसे कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि महोत्सव को सफल बनाने के लिए सांवरिया सरकार की पूरी टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।













