


नवगछिया।
नवगछिया के शहीद टोला स्थित मां चैती दुर्गा मंदिर में सातवीं पूजा के अवसर पर विधि-विधान के साथ माता रानी का पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। पट खुलते ही पूरे मंदिर परिसर में जय माता दी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा और पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। इस अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जो मां दुर्गा के दर्शन एवं पूजन के लिए कतारबद्ध नजर आए।
मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की सजावट और धार्मिक झांकियों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया है। श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना कर रहे हैं।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि चैती दुर्गा पूजा हर वर्ष श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाती है। इस बार भी आयोजन को भव्य रूप देने के लिए विशेष तैयारी की गई है। उन्होंने कहा, “सातवीं पूजा से ही यहां श्रद्धालुओं की भीड़ काफी बढ़ जाती है। मंदिर में सुरक्षा, साफ-सफाई और दर्शन व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि सभी श्रद्धालु सुगमता से माता के दर्शन कर सकें।”
वहीं मंदिर के पुजारी पंडित अजीत पांडे बाबा ने बताया कि सातवीं पूजा का विशेष महत्व होता है। उन्होंने कहा, “इस दिन मां दुर्गा के पट खुलने के साथ ही विशेष पूजा-अर्चना प्रारंभ होती है। भक्त सच्चे मन से मां की आराधना करते हैं तो उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। मां दुर्गा अपने भक्तों की हर बाधा को दूर कर उन्हें सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं।”
पूजा के दौरान मंत्रोच्चार, दुर्गा सप्तशती पाठ और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। शाम के समय आरती के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और लोग भक्ति में लीन होकर माता की आराधना कर रहे हैं।
मंदिर कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रसाद वितरण और अन्य सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है। स्थानीय प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाए गए हैं, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
चैती दुर्गा पूजा को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।













