


धार्मिक आयोजन में अश्लील प्रस्तुति पर उठे सवाल, प्रशासन से जांच की मांग
भागलपुर जिले के शाहकुंड स्थित मां बागेश्वरी प्रांगण में आयोजित चैती दुर्गा पूजा समारोह के दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि धार्मिक कार्यक्रम के बीच मंच पर बार बालाएं अश्लील एवं फूहड़ गानों पर नृत्य करती नजर आ रही हैं, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, चैती दुर्गा पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान देर रात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बार बालाओं के डांस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल की पुष्टि जीएस न्यूज़ नहीं करता है ।
वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कई लोगों ने धार्मिक आयोजन के दौरान इस तरह के अश्लील गानों और नृत्य पर आपत्ति जताते हुए इसे आस्था के साथ खिलवाड़ बताया है। लोगों का कहना है कि पूजा जैसे पवित्र आयोजन में इस तरह के कार्यक्रम नहीं होने चाहिए।
वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल यह वीडियो पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे सोशल मीडिया पर जमकर साझा कर रहे हैं।














