


खेत में अचेत अवस्था में मिला युवक, परिजनों में मचा कोहराम
भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र के लालपुर भादेव गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सुभाष कुमार राम (27 वर्ष), पिता रामविलास राम, निवासी लालपुर भादेव, थाना कहलगांव के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, सुभाष कुमार राम करीब दो महीने बाद घर लौटे थे। घर से कुछ दूरी पर वह खेत में अचेत अवस्था में पड़े मिले। एक स्थानीय बच्चे ने परिजनों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि सुभाष बदहवास हालत में थे और उनके शरीर से शराब की तेज गंध आ रही थी।
स्थिति गंभीर देखते हुए परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान देर रात करीब 1:30 बजे उनकी मौत हो गई।
मृतक के साले सुमित ने बताया कि उसकी बहन की शादी वर्ष 2019 में सुभाष कुमार राम के साथ हुई थी, लेकिन शादी के 15-20 दिनों बाद ही वह ससुराल छोड़कर मायके आ गई थी। सुमित ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को ससुराल में उचित सम्मान नहीं मिला था। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है और रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।













