


अधिवक्ताओं व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आंदोलन तेज करने का किया आह्वान
जीएस न्यूज़
भागलपुर में हाईकोर्ट की खंडपीठ स्थापना की मांग को लेकर चल रहा धरना प्रदर्शन शनिवार को 106वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान अधिवक्ताओं, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों के लोगों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को दोहराया और आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया।
धरना कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता मुकेश कुमार ठाकुर (निगरानी समिति सदस्य, जिला विधिज्ञ संघ, भागलपुर) द्वारा किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेवा निवृत्त अधिकारी अशोक कुमार ठाकुर ने कहा कि भागलपुर में हाईकोर्ट की खंडपीठ की स्थापना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आसपास के जिलों के लोग भी लंबे समय से इस मांग का समर्थन कर रहे हैं और न्यायिक सुविधा के विस्तार के लिए यह जरूरी है।
समाजसेवी सुबोध मंडल ने कहा कि नवगछिया क्षेत्र के लोगों का भी इस मांग को लेकर पूर्ण समर्थन है और क्षेत्र की जनता चाहती है कि भागलपुर में जल्द से जल्द हाईकोर्ट की खंडपीठ स्थापित हो।
वहीं, वरीय अधिवक्ता श्याम सुंदर प्रसाद ने आंदोलन को और तेज करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
धरना स्थल पर विजेंद्र कुमार, कमलेश पांडेय, समीर सिन्हा, संजय घोष सहित कई अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सरकार से मांग की कि भागलपुर में हाईकोर्ट खंडपीठ की स्थापना शीघ्र की जाए, ताकि आम लोगों को न्याय पाने में सुविधा हो सके।













