


नवगछिया :
रंगरा थाना क्षेत्र के चापर दियारा में मुकेश मंडल की पत्नी रूबी देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। यह प्राथमिकी मृतका के भाई राजेश कुमार मंडल के बयान पर दर्ज की गई है, जिसमें पति सहित कई परिजनों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, इस मामले में राहुल मंडल, बेनी मंडल, ज्योति मंडल उर्फ गोरछाख, संजीव मंडल उर्फ संजीत मंडल, देवर संजय मंडल, रंजीत मंडल, पति मुकेश मंडल तथा सास-ससुर को आरोपी बनाया गया है।
मृतका के भाई राजेश कुमार मंडल ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बहन को दहेज के लिए सास-ससुर एवं अन्य परिजन प्रताड़ित करते थे। उन्होंने कहा कि उनके जीजा के सरल स्वभाव का लाभ उठाकर परिवार के अन्य सदस्य कई बार उनकी बहन के साथ मारपीट कर चुके थे।
राजेश कुमार मंडल के अनुसार, 26 मार्च को मुकेश मंडल उनकी बहन को फुलकिया से अपने घर चापर दियारा लेकर गए थे और आश्वासन दिया था कि अब कोई विवाद नहीं होगा। लेकिन 27 मार्च की रात करीब 3 बजे, आरोपियों ने कथित रूप से मिलकर उनकी बहन के साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस घटना में सास-ससुर की भी भूमिका रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।













