


नवगछिया में गश्ती पुलिस पर एक युवक से मारपीट कर 20 हजार रुपये छीन लेने का गंभीर आरोप सामने आया है। मामले को लेकर पीड़ित युवक ने पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
परबत्ता थाना क्षेत्र के साहू परबत्ता निवासी कन्हैया कुमार (26) ने अपने आवेदन में बताया है कि 28 मार्च की देर रात करीब 2:30 बजे वह अपने चाचा धीरज भगत एवं मित्र रोहित कुमार यादव के साथ मोटरसाइकिल से महदतपुर चैती दुर्गा मंदिर का मेला देखकर एनएच-31 के रास्ते घर लौट रहा था। इसी दौरान मदतपुर टोल प्लाजा के आगे वह चाय पीने के लिए एक दुकान पर रुका।
पीड़ित के अनुसार, उसी समय नवगछिया आदर्श थाना की गश्ती गाड़ी वहां पहुंची। गाड़ी में सवार पदाधिकारी एस.के. अमन, चालक एवं एक सिपाही ने पूछताछ के दौरान अभद्र व्यवहार किया और उन पर गलत कार्य करने का आरोप लगाने लगे। युवक द्वारा मेला से लौटने की बात कहने पर पुलिसकर्मी नाराज हो गए।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया और नवगछिया जीरोमाइल चौक की ओर ले जाकर कई चक्कर लगवाए। इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया, जिससे वह किसी से संपर्क नहीं कर सका।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसके बाद करीब तीन बजे पुलिसकर्मी उसे टोल प्लाजा के आगे एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसकी जेब से जबरन 20 हजार रुपये निकाल लिए और उसे वहीं छोड़कर चले गए।
इस संबंध में नवगछिया के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने पर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी तथा आरोप सत्य पाए जाने पर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।













