


नवगछिया । कटिहार-बरौनी रेलखंड पर चलने वाली यात्री ट्रेनों में इन दिनों चोरी, छिनतई और लूट की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ताजा मामला सोमवार सुबह का है, जब बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर एक युवक पर हमला कर नकदी, मोबाइल और अन्य सामान लूट लिया गया।
घटना सोमवार सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। लुधियाना से हावड़ा जा रही ट्रेन संख्या 13006 अमृतसर-हावड़ा मेल के बेगूसराय स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर रुकने के बाद एक यात्री नीचे उतरकर नाश्ता लेने गया। इसी दौरान तीन-चार अज्ञात अपराधियों ने उस पर अचानक हमला कर दिया।
अपराधियों ने युवक से करीब 25 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और सामान से भरा बैग लूट लिया। विरोध करने पर एक अपराधी ने युवक के सिर के पीछे चाकू मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
कटिहार का रहने वाला है घायल युवक
घायल युवक की पहचान कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र के बक्कीकोल निवासी मदन कुमार यादव (पिता विनोद यादव) के रूप में हुई है। पीड़ित ने बताया कि वह लुधियाना में मजदूरी करता है और रविवार को घर लौटने के लिए अमृतसर-हावड़ा मेल ट्रेन से निकला था।
रेल पुलिस पर भी उठे सवाल
पीड़ित युवक ने आरोप लगाया कि घटना के बाद रेल पुलिस ने उसे उचित इलाज कराने के बजाय मात्र 100 रुपये देकर जबरन एक पैसेंजर मेमू ट्रेन में बैठा दिया। बाद में दोपहर के समय नवगछिया रेलवे स्टेशन पर उसे उतारा गया, जहां से उसे घायल अवस्था में नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
संपर्क नहीं हो सका जीआरपी थानाध्यक्ष से
इस संबंध में नवगछिया जीआरपी थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
इस घटना ने एक बार फिर रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बढ़ रही लूट और छिनतई की घटनाओं से यात्रियों में भय का माहौल है, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेलवे पुलिस की कार्यशैली भी कटघरे में है।













