0
(0)

शव सड़क किनारे फेंका; पुलिस जांच में जुटी

नवगछिया । खरीक थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात अपराधियों ने एक महादलित टोटो चालक की बेरहमी से पिटाई कर गला दबाकर हत्या कर दी। घटना रविवार देर रात दादपुर-अंभो के बीच 14 नंबर सड़क किनारे की है, जहां अपराधियों ने हत्या के बाद शव फेंककर फरार हो गए।

सोमवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे शव देख डायल 112 टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव की पहचान कराई। मृतक की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के नवादा वार्ड संख्या 6 निवासी राजेश दास के पुत्र सिट्टू कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक के सिर पर दो गहरे जख्म थे, चेहरे पर भी चोट के निशान पाए गए, जबकि गले पर काला घेरा बना हुआ था, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचे, जहां शव देखते ही कोहराम मच गया। मृतक की मां सोनी देवी, भाई-बहन और अन्य परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मृतक के पिता राजेश दास ने बताया कि सिट्टू पिछले डेढ़ महीने से टोटो चलाकर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग कर रहा था। रविवार शाम वह यह कहकर घर से निकला था कि जल्दी लौट आएगा, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार वालों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने रातभर रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

इसी बीच कलबलिया धार के समीप मृतक का टोटो बरामद किया गया, जिससे घटना और भी संदिग्ध हो गई है। हालांकि परिजन अभी इस घटना को लेकर कुछ भी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहे हैं।

युवा जीवन का दुखद अंत
सिट्टू कुमार दो भाइयों में बड़ा और दो बहनों में छोटा था तथा इंटर का छात्र था। उसके पिता भागलपुर में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।

पुलिस कर रही जांच
खरीक थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि अज्ञात अपराधियों द्वारा टोटो चालक की हत्या की गई है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अभी तक परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: