0
(0)

भागलपुर । नगर परिषद सुल्तानगंज में नगर सभापति राज कुमार गुड्डू की अध्यक्षता में सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक से पूर्व वार्ड पार्षद एवं वार्ड प्रतिनिधियों के साथ कथित अशोभनीय व्यवहार को लेकर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों ने आपसी समझदारी से मामला शांत करा दिया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशिक्षु एएसपी सायम रजा मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। स्थिति सामान्य होने के बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बैठक शुरू की गई, जिसकी शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई।

बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार, उपसभापति नीलम देवी, सांसद प्रतिनिधि पवन केसान, विधान पार्षद प्रतिनिधि सन्नी कुमार सहित सभी वार्ड पार्षद एवं नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पूर्व बैठक की पुष्टि करते हुए कुल 127 विकास योजनाओं पर प्रस्ताव पारित किया गया।

नगर सभापति ने बताया कि मानसून को देखते हुए शहर में साफ-सफाई व्यवस्था मजबूत करने, जलजमाव की समस्या दूर करने तथा श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। साथ ही अजगैविनाथ गंगा घाट एवं नमामि गंगा घाट पर चौकी और दुकानों की बंदोबस्ती का कार्य इस बार जिला प्रशासन द्वारा नगर परिषद को सौंपा गया है।

वहीं उपसभापति नीलम देवी ने आरोप लगाया कि योजनाओं के चयन में वार्ड पार्षदों की बातों को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जाता है। बैठक के दौरान विभिन्न पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड से जुड़ी समस्याओं को भी उठाया।

बैठक में सिटी मैनेजर रविश वर्मा, प्रधान सहायक राजीव रंजन चौधरी सहित नगर परिषद के कई पार्षद एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: