


भागलपुर । नाथनगर थाना क्षेत्र में एक प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। करीब 26 दिन पहले घर से लापता हुए युवक-युवती के मामले में पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया है, जबकि युवक अभी भी फरार है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 मार्च को एक युवक और युवती अपने-अपने घर से अचानक लापता हो गए थे। युवती के पिता बबलू शाह ने आरोप लगाया है कि राजकुमार महतो के पुत्र सत्यम महतो उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर घर से ले गया तथा साथ में करीब 20 हजार रुपये नकद एवं लगभग एक भर सोना-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गया।

परिजनों के अनुसार घटना के कुछ दिनों बाद युवक ने व्हाट्सएप के माध्यम से दोनों की शादी की तस्वीरें परिवार के लोगों को भेजीं, जिसके बाद मामला और पेचीदा हो गया। करीब 20 दिन बाद युवती स्वयं नाथनगर थाना पहुंची, जहां पुलिस ने उसे बरामद कर परिजनों को सूचना दी।
युवती के पिता का कहना है कि यदि युवक सामने आकर विधिवत रूप से रिश्ते को स्वीकार करता है तो वे इस संबंध को मानने के लिए तैयार हैं। फिलहाल युवक की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छानबीन में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही शादी की वास्तविक स्थिति तथा घटना की सच्चाई सामने आ सकेगी।













