0
(0)

पूर्णिया। जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव सह पूर्णिया जिला के प्रभारी सचिव संतोष कुमार मल्ल ने बुधवार को अपने निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के दौरान जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था एवं शिकायत निवारण प्रणाली की समीक्षा करते हुए पीएनजी प्लांट, एचपीसीएल बॉटलिंग प्लांट तथा रतन एचपी गैस गोदाम का निरीक्षण किया।

भ्रमण के क्रम में उन्होंने समाहरणालय परिसर स्थित जिला नियंत्रण कक्ष पहुंचकर एलपीजी गैस से संबंधित प्राप्त शिकायतों के निष्पादन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। नियंत्रण कक्ष के शिकायत पंजी का अवलोकन करते हुए उन्होंने रैंडम शिकायतकर्ताओं से मोबाइल पर संपर्क कर शिकायतों के निष्पादन की जानकारी ली, जिस पर उपभोक्ताओं ने संतोषजनक प्रतिक्रिया दी।

अधिकारियों ने बताया कि 15 मार्च 2026 से अब तक कुल 225 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 220 का निष्पादन किया जा चुका है तथा शेष मामलों पर कार्रवाई जारी है। व्यवस्था से संतुष्ट होकर सचिव ने जिला प्रशासन की क्राइसिस मैनेजमेंट प्रणाली की सराहना की।

इसके बाद प्रभारी सचिव ने बियाडा स्थित पीएनजी गैस प्लांट का निरीक्षण किया तथा गैस कनेक्शन, संचालन व्यवस्था और उपभोक्ताओं की स्थिति की जानकारी ली।

प्लांट प्रबंधन के अनुसार 30 मार्च 2026 तक कमर्शियल एवं इंडस्ट्रियल सहित कुल 15 कनेक्शन तथा 7207 घरेलू उपभोक्ताओं को डी-पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। गैस बिक्री में अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 के बीच लगभग 131 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बियाडा स्थित एचपीसीएल बॉटलिंग प्लांट के क्षेत्रीय एवं प्रशासनिक कार्यालय, सुरक्षा व्यवस्था, गैस स्टॉक एवं वितरण प्रणाली का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्लांट से 18 जिलों के करीब 2.9 लाख उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है तथा प्रतिदिन लगभग 37,800 सिलेंडर विभिन्न जिलों में भेजे जाते हैं।

इसके पश्चात प्रभारी सचिव ने नेवालाल चौक स्थित रतन एचपी गैस गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 2 किलो एवं 5 किलो के छोटे गैस सिलेंडर उपलब्ध पाए गए। उन्होंने गोदाम प्रबंधक को निर्देश दिया कि छोटे सिलेंडरों का विशेष रूप से छात्रों एवं जरूरतमंद उपभोक्ताओं के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा निर्धारित दर पर आसानी से उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंशुल कुमार, पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत, अपर समाहर्ता आपदा सुजय सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रवि शंकर उरांव, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्वेताम दीक्षित सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: