


नवगछिया।सांवरिया सरकार नवगछिया के तत्वावधान में श्याम संकीर्तन वार्षिक महोत्सव का आयोजन 4 एवं 5 अप्रैल को स्थानीय घाट ठाकुरबाड़ी नवगछिया में भक्ति एवं उल्लास के साथ किया जाएगा। महोत्सव को लेकर श्याम भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन समिति की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार 4 अप्रैल को सुबह 8 बजे मारवाड़ी विवाह भवन से भव्य निशान शोभा यात्रा निकाली जाएगी। गाजे-बाजे, नृत्य-नाटिका एवं भक्ति गीतों के साथ यह शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए घाट ठाकुरबाड़ी पहुंचेगी।

5 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से घाट ठाकुरबाड़ी परिसर में लड्डू गोपाल फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। वहीं 4 एवं 5 अप्रैल को प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से भव्य भजन संध्या आयोजित होगी।
भजन संध्या में कोलकाता के भजन गायक पंकज अग्रवाल एवं ईशा अग्रवाल, भिवानी के हर्ष तनेजा, गिरिडीह के आकाश परिचय तथा नवगछिया के युवराज भारद्वाज अपने भजनों से श्याम भक्तों को भाव-विभोर करेंगे।

महोत्सव के दौरान भव्य दरबार, अलौकिक श्रृंगार, अखंड ज्योति, इत्र वर्षा, फूलों की होली, दिव्य दर्शन, भजन गंगा, मनमोहक नृत्य-नाटिका, सवामणी प्रसाद एवं आकर्षक निशान शोभायात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
महोत्सव को सफल बनाने के लिए सांवरिया सरकार नवगछिया की पूरी टीम तैयारियों में जुटी हुई है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।














