


नवगछिया : हनुमान जयंती के पावन अवसर पर नवगछिया के रंगरा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ठाकुरबाड़ी भवानीपुर (नया टोला) स्थित सैकड़ों वर्ष प्राचीन नरसिंह भगवान मंदिर में गुरुवार से भव्य धार्मिक आयोजन की शुरुआत हुई। श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच यहां संगीतमय अखण्ड रामायण पाठ एवं महा अभिषेक का आयोजन प्रारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे महा अभिषेक के साथ हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्री लक्ष्मी-नृसिंह की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात दोपहर 1 बजे से संगीतमय अखण्ड रामायण पाठ प्रारंभ हुआ, जो 3 अप्रैल तक निरंतर जारी रहेगा।

पूरे मंदिर परिसर में राम नाम के संकीर्तन, भजन-कीर्तन और धार्मिक वातावरण से क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर इस आयोजन में शामिल हो रहे हैं।
हर वर्ष होता है आयोजन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार हनुमान जयंती के दिन रामायण पाठ करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है और भगवान हनुमान की विशेष कृपा बनी रहती है। इसी आस्था के साथ हर वर्ष इस आयोजन का भव्य रूप से आयोजन किया जाता है।
स्थानीय लोगों की रही सक्रिय भागीदारी
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सच्चिदानन्द पाण्डेय, बालमुकुन्द पाण्डेय सहित समस्त पाण्डेय परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में आलोक शास्त्री, उदय पाण्डेय, मसूदन पाण्डेय, रघुनाथ पाण्डेय, श्रीकांत पाण्डेय, प्रभात पाण्डेय, नारायण पाण्डेय, प्रदीप पाण्डेय, सुभाष चंद्र पाण्डेय, नवनीत पाण्डेय, शिशु पाण्डेय, रमन पाण्डेय, अंकित पाण्डेय, पप्पू पाण्डेय समेत भवानीपुर के कई गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस आयोजन से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का वातावरण बना हुआ है। श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं।














