


नवगछिया।नवगछिया थाना क्षेत्र के गोला टोला कदवा गांव में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पारिवारिक विवाद के दौरान चाचा ने अपने ही भतीजे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक की पहचान गोला टोला कदवा निवासी पंकज सिंह के 19 वर्षीय पुत्र साजन कुमार के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जमीन को लेकर चाचा और भतीजे के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान चाचा ने दबिया से साजन कुमार के चेहरे पर वार कर दिया।
हमला इतना तेज था कि युवक की आंख के ऊपर करीब डेढ़ इंच लंबा गहरा जख्म हो गया और वह घटनास्थल पर ही घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने आनन-फानन में घायल युवक को अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

डॉक्टरों के अनुसार युवक को गंभीर चोट आई है, हालांकि उसकी स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक जमीनी विवाद को घटना का कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।













