


पूर्णिया। पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत नगर मंडल पश्चिम भाग द्वारा आयोजित प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ मधुबनी राजेंद्र नगर स्थित भाजपा कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सदर विधायक विजय खेमका, मंडल अध्यक्ष गोपाल सिन्हा सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण वर्ग में विभिन्न सत्रों के दौरान वक्ताओं ने संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति तथा राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए विधायक विजय खेमका ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर तेजी से उभरती हुई आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना के साथ देश संकल्प से सिद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा निरंतर बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सुशासन, पारदर्शिता और जनविश्वास की राजनीति के लिए जानी जाती है तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय आधारित विकास, एकात्म मानव दर्शन और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। मजबूत राष्ट्रीय सुरक्षा, भ्रष्टाचार मुक्त शासन, डीबीटी, डिजिटल इंडिया और पारदर्शी आर्थिक प्रबंधन के माध्यम से देश ने नई पहचान बनाई है।
विधायक ने कार्यकर्ताओं से संपर्क, समर्पण और सहयोग की भावना के साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अभ्यंम लाल, राजेश गोस्वामी, पंकज कुमारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा विभिन्न वक्ताओं ने प्रशिक्षण सत्रों में अपने विचार प्रस्तुत किए।














