0
(0)

भागलपुर :
मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आवासन, पौष्टिक भोजन, आधुनिक खेल किट एवं उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेल विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना के तत्वावधान में राज्यभर में एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भागलपुर जिले में भी दो खेल विधाओं के एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें साहू उच्च विद्यालय, साहू परबत्ता (नवगछिया) में तीरंदाजी (बालक) तथा राजकीय बालिका इंटर विद्यालय, भागलपुर में बैडमिंटन (बालिका) का प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया गया है। इन केंद्रों में नामांकन के लिए विभिन्न खेल विधाओं का चयन ट्रायल 27 मार्च से 10 अप्रैल के बीच आयोजित किया जा रहा है। जिला खेल कार्यालय भागलपुर एवं जिला प्रशासन द्वारा 6 अप्रैल एवं 9 अप्रैल को चयन ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। 6 अप्रैल को तीरंदाजी, बैडमिंटन एवं बास्केटबॉल के लिए अलग-अलग स्थलों पर चयन ट्रायल आयोजित होंगे, जिसमें साहू उच्च विद्यालय, साहू परबत्ता नवगछिया में तीरंदाजी (बालक-बालिका), सैंडिस कंपाउंड इंडोर बैडमिंटन हॉल में बैडमिंटन (बालक-बालिका) तथा सैंडिस कंपाउंड स्थित बास्केटबॉल कोर्ट में बास्केटबॉल (बालक) का ट्रायल लिया जाएगा। वहीं 9 अप्रैल को सैंडिस कंपाउंड वॉलीबॉल कोर्ट पर वॉलीबॉल (बालक-बालिका) का चयन ट्रायल आयोजित होगा। इस चयन प्रक्रिया में 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के वे बालक-बालिका खिलाड़ी भाग ले सकते हैं, जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2012 से 1 जनवरी 2014 के बीच हो तथा वे बिहार राज्य के निवासी हों। खिलाड़ियों को आवेदन पत्र, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, विद्यालय परिचय पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज लाना अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया में बैटरी टेस्ट के साथ-साथ संबंधित खेल कौशल की भी जांच की जाएगी। चयनित खिलाड़ियों को एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षित कोच के मार्गदर्शन में आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण दिया जाएगा, साथ ही उनकी शिक्षा की भी व्यवस्था की जाएगी। जिन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया है या पदक हासिल किया है, उन्हें आयु सीमा में अधिकतम दो वर्ष तक की छूट दी जा सकती है। जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने बताया कि सभी विद्यालयों को इस संबंध में सूचना भेज दी गई है, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ी चयन ट्रायल में भाग ले सकें। इच्छुक खिलाड़ी अधिक जानकारी के लिए जिला खेल कार्यालय भागलपुर या निर्धारित संपर्क नंबरों पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। चयन ट्रायल के लिए विभिन्न खेलों के अनुभवी प्रशिक्षकों एवं चयनकर्ताओं की नियुक्ति की गई है, जो खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर मेधा सूची तैयार कर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना को भेजेंगे, जिसके बाद अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: