


भागलपुर : भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भागलपुर निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेगूसराय जमीन घोटाले से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी मुंगेर से तथा दो बेगूसराय से पकड़े गए हैं। सभी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए भागलपुर लाया गया, जहां उन्हें निगरानी कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, पूरा मामला बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल अंचल अंतर्गत पंचवीर पंचायत की बहुमूल्य सरकारी जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि इस जमीन को बचाने और मामले में पक्ष में फैसला दिलाने के नाम पर भारी रिश्वत की मांग की जा रही थी। उक्त जमीन करीब तीन कट्ठा चार धुर बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग पौने दो करोड़ रुपये आंकी गई है।
निगरानी टीम ने मुंगेर प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में तैनात पेशकार मुकेश कुमार को 1 लाख 70 हजार रुपये घूस लेते हुए उसके कार्यालय कक्ष से रंगे हाथ गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि पंचवीर पंचायत के पूर्व मुखिया नंदकिशोर प्रसाद ने इस जमीन मामले को प्रमंडलीय आयुक्त के न्यायालय में चुनौती दी थी।

आरोप है कि इस सरकारी जमीन को फर्जी कागजात के आधार पर मु. जावेद एवं अन्य के नाम दाखिल-खारिज कर दिया गया था। वादी के अनुसार, पेशकार मुकेश कुमार ने मामले को प्रभावित करने और अनुकूल निर्णय दिलाने के लिए पांच लाख रुपये की मांग की थी। ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर पहले ही तीन लाख रुपये दे दिए थे।
शेष 1.70 लाख रुपये की राशि देने के दौरान निगरानी विभाग ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई में निगरानी डीएसपी पवन कुमार के नेतृत्व में टीम ने अहम भूमिका निभाई। बताया गया कि इस मामले में पूर्व में ही पटना के निगरानी थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके सत्यापन के बाद यह कार्रवाई की गई।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अन्य संलिप्त लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिसके आधार पर निगरानी विभाग ने बेगूसराय से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संलिप्त लोगों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं आम लोगों में इस बात को लेकर संतोष है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।













