


नवगछिया के बिहपुर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय पछियारी टोला, औलियाबाद में पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत बाल संसद की पूर्व कमेटी को भंग कर नई बाल संसद का गठन किया गया। कार्यक्रम प्रधानाध्यापक अनिल कुमार दीपक की देखरेख एवं पूर्व प्रधानमंत्री आर्यन कुमार गगन के संचालन में संपन्न हुआ।

प्रधानमंत्री पद के लिए आयोजित मतदान में छात्रा रितुराज ने 10 वोट प्राप्त कर प्रधानमंत्री पद हासिल किया, जबकि 4 वोट प्राप्त कर छात्रा आर्णिका कुमारी उप प्रधानमंत्री निर्वाचित हुईं। निर्वाचन प्रक्रिया में सहायक निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में मो. शमीम उद्दीन, संतोष कुमार रजक, रविशंकर झा तथा शिक्षिका कंचन कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नई बाल संसद में छात्र आर्यन को शिक्षा मंत्री, कुसुम/मीना को उप शिक्षा मंत्री, सुरुचि को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री, प्रगति को उप स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री, मो. दिलशान को जल एवं कृषि मंत्री तथा राखी कुमारी को उप जल एवं कृषि मंत्री चुना गया। वहीं खुशी खातून पुस्तकालय एवं विज्ञान मंत्री तथा आयुषी कुमारी उप पुस्तकालय एवं विज्ञान मंत्री बनीं। सांस्कृतिक एवं खेल मंत्री के रूप में लक्ष्मी कुमारी एवं उप मंत्री के रूप में कृतिका कुमारी का चयन हुआ। इसके अलावा आरोही कुमारी बाल सुरक्षा मंत्री तथा अमन उप बाल सुरक्षा मंत्री निर्वाचित हुए।

निर्वाचित सभी छात्र-छात्राओं को पद एवं गोपनीयता की विधिवत शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर शिक्षक रजनीकांत रंजन, रोमा कुमारी, मो. तबरेज सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रधानाध्यापक अनिल कुमार दीपक ने नवगठित बाल संसद के सदस्यों को उनके दायित्वों की जानकारी देते हुए कहा कि बाल संसद के माध्यम से बच्चों को चुनाव प्रक्रिया, मताधिकार की शक्ति एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ विकसित होती है। इससे विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता का विकास होने के साथ-साथ वे विद्यालय के विकास कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।















