


नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र से लापता हुए दो सगे नाबालिग भाइयों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों बच्चों के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस का आभार जताया है।
मिली जानकारी के अनुसार डिमाहा गांव निवासी राजेश चौधरी के दो पुत्र हर्ष राज और उनका छोटा भाई मोक्ष कुमार कुछ दिन पहले साइकिल लेकर घर से निकले थे। इसी दौरान अभिया के पास दोनों अचानक लापता हो गए थे। काफी खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने गोपालपुर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए खोजबीन शुरू की। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि दोनों बच्चे पटना में देखे गए हैं। सूचना के आधार पर गोपालपुर पुलिस ने स्थानीय थाना के सहयोग से कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों को सकुशल बरामद कर लिया।

थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि दोनों बच्चों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वे किन परिस्थितियों में घर से निकले और पटना कैसे पहुंचे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
















