


अररिया: जिले के आरएस थाना क्षेत्र अंतर्गत कदवा गांव के वार्ड नंबर 12 में गुरुवार सुबह एक 25 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतका की पहचान गांव निवासी असलम की पत्नी हेना परवीन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हेना सुबह करीब 11 बजे मकई के खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान उनके 2 वर्षीय बच्चे के रोने की सूचना पर वह घर लौटीं, बच्चे को दूध पिलाया और फिर दोबारा खेत चली गईं।
करीब एक घंटे तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। जब खोजबीन की गई तो उनका शव खेत में मिला। शव की स्थिति देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
मृतका के पिता अब्दुल ने बताया,
“मेरी बेटी सुबह घास काटने गई थी। बच्चे को दूध पिलाने के बाद फिर खेत चली गई। कुछ देर बाद उसका शव मिला। हमें न्याय चाहिए।”

घटना की सूचना मिलते ही आरएस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अंकुर कुमार ने दल-बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में यह मामला गला रेतकर हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मृतका की सौतन सहित आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।















