


नवगछिया : एक शादी समारोह से शुरू हुई प्रेम कहानी नवगछिया पहुंचकर पुलिस कार्रवाई में उलझ गई। गुप्त सूचना के आधार पर डायल 112 की टीम ने नवगछिया रेलवे स्टेशन से एक प्रेमी जोड़े को हिरासत में लिया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुर्सेला निवासी युवक और मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना की युवती की मुलाकात एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।
बताया जाता है कि दोनों ने साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया था। परिजनों की सहमति नहीं मिलने की आशंका के बीच 29 अप्रैल को प्रेमी अपनी प्रेमिका को लेकर घर से निकल गया। दोनों ने रात कुर्सेला में एक मित्र के यहां बिताई और अगले दिन विवाह करने की योजना बनाई।

बुधवार सुबह दोनों नवगछिया के तेतरी दुर्गा मंदिर पहुंचे, जहां वे विवाह करने वाले थे। इसी बीच गुप्त सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। टीम में पुलिस पदाधिकारी राहुल राज, सुनील यादव तथा चालक संजय यादव शामिल थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने प्रेम संबंध और विवाह की मंशा की जानकारी दी। पुलिस ने परिजनों को भी सूचित किया। इसके बाद दोनों को नवगछिया रेलवे स्टेशन लाया गया और आगे की कार्रवाई के लिए महिला थाना को सौंप दिया गया।
डायल 112 के पुलिस पदाधिकारी राहुल राज ने बताया कि दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है तथा महिला थाना में काउंसलिंग और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया जारी है।
घटना के बाद इलाके में इस प्रेम कहानी की व्यापक चर्चा हो रही है, जहां एक ओर दो दिलों का मिलन अधूरा रह गया, वहीं दूसरी ओर कानून और पारिवारिक सहमति के बीच संतुलन बनाने की स्थिति सामने आई है।















