


पूर्णिया। उप विकास आयुक्त अंजनी कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को महानंदा सभागार में मनरेगा योजना की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत रोजगार सेवक, पंचायत तकनीकी सहायक, कनीय अभियंता, कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक अभियंता, कार्यपालक अभियंता, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, ग्रामीण विकास अभिकरण निदेशक तथा ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सबसे पहले मानव दिवस सृजन की समीक्षा की गई। कम प्रगति वाले पंचायत रोजगार सेवकों को मई माह के अंत तक निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी पंचायत रोजगार सेवकों को नियमानुसार कार्य आदेश जारी कर मानव दिवस सृजन में तेजी लाने को कहा गया।
सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रखंडों को आवंटित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। समीक्षा के दौरान पहचान सत्यापन, जन-मनरेगा, कार्य पूर्णता, सामाजिक अंकेक्षण, अंकेक्षण एवं अन्य योजनाओं की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्देश दिया गया कि जल संसाधन विभाग की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाए, ताकि योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
साथ ही जिले की सभी पंचायतों में दो दिनों तक “गड्ढा महोत्सव” आयोजित करने तथा प्रत्येक पंचायत में कम से कम 10 गड्ढों की खुदाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले की सभी पंचायतों में एक साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
वृक्षारोपण के लिए गड्ढों की खुदाई पूर्व में ही मानक के अनुरूप कराने तथा पौधों के समुचित विकास के लिए पर्याप्त दूरी बनाए रखने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने सभी पंचायत रोजगार सेवकों को पंचायत क्षेत्रों में उपलब्ध भूमि पर नियमानुसार आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा सभी पंचायतों में सोख्ता निर्माण कार्य 30 मई तक पूरा कराने को कहा गया।
बैठक के अंत में ग्रामीण विकास अभिकरण निदेशक को सभी पंचायत रोजगार सेवकों को पहचान पत्र उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।















