


सिंघिया दीवानगंज विद्यालय में विकास कार्यों की दी स्वीकृति
पूर्णिया । पूर्णिया पूर्व प्रखंड स्थित उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय सिंघिया दीवानगंज के निरीक्षण के दौरान विधायक विजय खेमका ने कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने विद्यार्थियों से शिक्षकों की उपस्थिति, नियमित पठन-पाठन, छात्रवृत्ति, पोशाक राशि, साइकिल योजना, पुस्तक वितरण, कंप्यूटर एवं प्रयोगशाला व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्राप्त की। साथ ही विद्यालय परिसर में शौचालय, पेयजल, बिजली और स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया।
विधायक विजय खेमका ने प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा सभी कक्षाओं का नियमित संचालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों में अपार प्रतिभा है, आवश्यकता केवल बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सही मार्गदर्शन की है।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें नई प्रबंधन समिति का गठन किया गया। बैठक में विद्यालय विकास, छात्रहित और शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
विधायक ने बैठक में मिले सुझावों को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय में बेंच-डेस्क मरम्मत, चिलिंग वाटर मशीन तथा यूरिनल निर्माण जैसे विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर लगातार कार्य किया जा रहा है।

नई विद्यालय प्रबंधन समिति में प्रधानाचार्य स्मिता कुमारी, वरीय शिक्षक मधु सत्यम, शिक्षा प्रेमी शशी भूषण चौधरी सहित डॉ. सुरेश झा, प्रदीप साह, तारानंद सिंह, अनिल महलदार, बिमल मंडल, रोशनी देवी, पिंकी देवी, पुष्पा कुमारी, कंचन सिंह, बिशनाथ सिंह, नारायण महलदार, रामनारायण सिंह, ब्रजभूषण चौधरी, कपिल मंडल, राजेंद्र मंडल, बिरेन्द्र सिंह और पानो देवी को नामित किया गया।
















