


परीक्षा केंद्र के बाहर से भेजे जा रहे थे जवाब, एक युवक गिरफ्तार
पूर्णिया । पूर्णिया में डिप्लोमा सर्टिफिकेट प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा के दौरान हाईटेक तरीके से नकल कराने का मामला सामने आया है। शहर के महाराजी हाता स्थित सेंट पीटर्स स्कूल परीक्षा केंद्र पर जैमर लगे होने के बावजूद इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए परीक्षार्थी तक जवाब पहुंचाए जा रहे थे। मामले का खुलासा छात्रों की सतर्कता से हुआ।

जानकारी के अनुसार परीक्षा की पहली पाली के दौरान एक महिला परीक्षार्थी केंद्र के अंदर परीक्षा दे रही थी, जबकि बाहर उसका पति और एक सहयोगी संत बिहार कॉलोनी के पास एक घर के समीप छिपकर वॉकी-टॉकी के माध्यम से उत्तरों का आदान-प्रदान कर रहे थे।
मोहल्ले में मौजूद कुछ छात्रों को दोनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। वॉकी-टॉकी से हो रही बातचीत सुनने के बाद छात्रों ने दोनों को घेर लिया और उनके पास से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद कर लिया। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।

हंगामे और भीड़ का फायदा उठाकर महिला परीक्षार्थी का पति आधार कार्ड लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गया। हालांकि उसके सहयोगी हिमांशु कुमार को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वॉकी-टॉकी सहित नकल में इस्तेमाल किए गए अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए। महिला परीक्षार्थी की पहचान लखीसराय निवासी संतन कुमार की पत्नी दौलत कुमारी के रूप में हुई है।

प्रशासन ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा केंद्र में जैमर लगे होने के बावजूद इलेक्ट्रॉनिक संचार कैसे संभव हुआ, इसकी तकनीकी जांच भी की जा रही है। घटना के बाद परीक्षा व्यवस्था और सुरक्षा प्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
















