0
(0)

गंगा किनारे नाव पर रहकर करता था मछली पालन, परिवार में मचा कोहराम

नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत परबत्ता थाना क्षेत्र के बहतरा गांव स्थित छोटी अठगामा छठ माता स्थान के समीप सोमवार देर रात आई तेज आंधी और तूफान के दौरान गंगा नदी में एक नाव पलट गई। हादसे में नाव पर रह रहे एक मछुआरे की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है, वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मृतक की पहचान परबत्ता थाना क्षेत्र के बहतरा गांव निवासी 59 वर्षीय छट्ठू सहनी, पिता स्वर्गीय अक्कल सहनी, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गंगा नदी किनारे नाव पर रहकर मछली पकड़ने और मछली पालन का कार्य करते थे। इसी पेशे से उनके परिवार का भरण-पोषण चलता था।

जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज आंधी और तूफान के साथ गंगा नदी में ऊंची लहरें उठने लगीं। बहतरा गांव के पास कोल ढाब के समीप किनारे लगी नाव तेज हवा और तेज बहाव की चपेट में आकर पलट गई। उस समय छट्ठू सहनी नाव पर ही मौजूद थे। नाव पलटने के बाद वह नदी में फंस गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों और परिजनों को मिली। इसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परबत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।

मृतक के पुत्र ने बताया कि उनके पिता अधिकांश समय नाव पर ही रहते थे और वहीं से मछली पकड़ने का काम करते थे। परिवार की आर्थिक स्थिति पूरी तरह इसी कार्य पर निर्भर थी। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

छट्ठू सहनी अपने पीछे चार पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। घटना के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत उचित आर्थिक सहायता और सरकारी मदद उपलब्ध कराने की मांग की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: