5
(1)

सड़क बाधित रहने से समय पर नहीं पहुंच सका अस्पताल, गांव में मातम

नवगछिया प्रखंड के जगतपुर पंचायत अंतर्गत जपतेली गांव में देर रात आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। इस प्राकृतिक आपदा में एक दुकानदार की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गांव में दर्जनों घरों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा।

मृतक की पहचान जपतेली गांव निवासी 40 वर्षीय हीरा लाल राम के रूप में हुई है। वह गांव में किराना दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी मंगली देवी और दो पुत्र हैं। ग्रामीणों के अनुसार हीरा लाल राम सोमवार रात घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। नीचे उतरने की जल्दबाजी में वह सीढ़ी की जगह सीधे छत से नीचे गिर पड़े, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन रास्ते में कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ और बिजली के पोल गिर जाने से सड़क पूरी तरह बाधित हो गई थी। काफी कोशिशों के बावजूद समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

हीरा लाल राम की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि रास्ता बाधित नहीं होता और समय पर इलाज मिल जाता, तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।

वहीं इसी गांव के 20 वर्षीय सुमित कुमार, पिता रोहित राय, भी आंधी-तूफान की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि वह घर के अंदर चौकी पर सो रहे थे। इसी दौरान तेज हवा और बारिश के बीच अचानक घर की दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उनका पैर टूट गया।

ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन सड़क पर गिरे पेड़ों और बिजली के खंभों के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जपतेली गांव के वार्ड सदस्य मुरारी कुमार ने बताया कि देर रात आए तूफान ने पूरे गांव में भारी नुकसान पहुंचाया है। दर्जन भर से अधिक लोगों के घरों की छत उड़ गई है। कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिरने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री, आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: