5
(1)

विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, पति समेत कई ससुराल वालों पर हत्या का आरोप

नवगछिया पुलिस जिला के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के कमलाकुंड गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के कई लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि मौत से करीब एक घंटे पहले विवाहिता ने फोन कर अपनी मां को मारपीट की जानकारी दी थी, जिसके कुछ देर बाद उसकी मौत की खबर मिली।

मृतका की पहचान अंशु कुमारी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व कमलाकुंड गांव निवासी प्रभास यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। मृतका की मां चिंता देवी ने बताया कि विवाह के समय उनकी हैसियत के अनुसार चार लाख रुपये नकद, डेढ़ भर सोना और करीब एक से डेढ़ लाख रुपये मूल्य का घरेलू सामान दहेज में दिया गया था। इसके बावजूद शादी के बाद से ही उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

मायके पक्ष का आरोप है कि प्रभास यादव का पहले से किसी दूसरी महिला के साथ प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर अंशु कुमारी के साथ अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी। परिजनों के अनुसार सोमवार को प्रभास यादव अपनी कथित प्रेमिका से मिलकर घर लौटा था, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ और मारपीट शुरू हो गई।

मृतका की मां चिंता देवी ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे अंशु कुमारी ने फोन कर रोते हुए बताया कि उसके साथ मारपीट की जा रही है। मां ने उसे समझाने और शांत रहने की कोशिश की, लेकिन करीब एक घंटे बाद रीना देवी के मोबाइल से सूचना मिली कि अंशु कुमारी की मौत हो गई है। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही चिंता देवी अपने 10 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार के साथ कमलाकुंड गांव पहुंचीं। मृतका की एक छोटी बेटी परी कुमारी भी है। मां की मौत के बाद मासूम बच्ची का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया है।

घटना की जानकारी मिलने पर इस्माइलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अजीत कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतका की मां ने पति प्रभास यादव, कथित प्रेमिका काजल देवी, देवर अभिनंदन यादव, कारगिल यादव, ससुर बाल्मीकि यादव, सास बुलबुल देवी, अजय यादव, विवाह देवी तथा ननद पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। परिजनों ने सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इधर, पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: