


इस्माइलपुर रघुनीटोला में भयानक प्रलयकारी आंधी तूफान ने बासा पर सोये अवस्था में वृद्धा की ली जान
आम का पेड़ मलबे में दबने से मौके पर मौत, घर में पसरा मातमी सन्नाटा
नवगछिया : लगातार गर्मी और धूप के बाद सोमवार की देर रात आई भयानक प्रलयकारी आंधी तूफान बारिश ने तबाही मचा कर रख दी है। जिसमें इस्माइलपुर प्रखंड के अंतर्गत पूर्वी भिट्ठा पंचायत के रघुनी टोला गांव में सोमवार की देर रात आई तेज आंधी ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज हवा और खराब मौसम के बीच अचानक एक विशालकाय आम का पेड़ बासा पर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से वहां सो रही 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला कुना देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों व परिजनों ने काफी मशक्कत से टहनी को काटा उसके बाद पेड़ को हटाया। तब तक वृद्ध की जान जा चुकी थी।
मृतका की पहचान स्वर्गीय एतवारी मंडल की पत्नी कुना देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात तेज आंधी और बारिश के दौरान वह प्रत्येक दिन की भांति मवेशी के रखवाली के लिए परिवार के अन्य सदस्य के साथ
अपने बासा में सो रही थीं। इसी दौरान तेज हवा के कारण पास का आम का पेड़ जड़ से उखड़कर बासा पर गिर पड़ा। भारी पेड़ के नीचे दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में एक गाय का बछड़ा भी पेड़ की चपेट में आ गया, जिससे उसकी भी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कुना देवी अपने पीछे दो पुत्र सुबोध मंडल और विनोद मंडल सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही इस्माइलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुची शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा गया था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है।
इस्माइलपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि आवेदन के आलोक में यूडी केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।













