


एक दिन में 10 हजार से अधिक सिलेंडरों का वितरण, गोदामों में भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
पूर्णिया। जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूर्णिया में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से होम डिलीवरी सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।
अपर समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी Ravishankar Oraon ने बताया कि बुधवार को जिले के विभिन्न गैस एजेंसियों के माध्यम से कुल 10,518 गैस सिलेंडरों का वितरण उपभोक्ताओं के बीच किया गया। वहीं गैस एजेंसियों के गोदामों में अभी भी 7,997 सिलेंडर सुरक्षित रूप से उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि बुधवार को जिले में कुल 15,559 उपभोक्ताओं द्वारा गैस सिलेंडर की मांग की गई थी। नियमानुसार एजेंसियों द्वारा लगातार सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है और होम डिलीवरी सेवा पूर्व की तरह नियमित रूप से संचालित हो रही है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति का चक्र लगभग 45 दिनों का निर्धारित है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह अवधि लगभग 25 दिनों की होती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को घबराने या जल्दबाजी में अतिरिक्त बुकिंग कराने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक होकर गैस एजेंसियों के काउंटर या गोदामों पर भीड़ न लगाएं। नियमानुसार समय पर गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी की जा रही है।
जिला प्रशासन ने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को गैस आपूर्ति से संबंधित किसी प्रकार की शिकायत हो तो वे जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06454-242319, 242317 अथवा 242320 पर संपर्क कर सकते हैं। प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।














