


नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र के खगड़ा गांव से 12 वर्षीय बालक निखिल कुमार के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में चिंता और दहशत का माहौल है। बालक के पिता प्रवेश यादव ने बुधवार को नवगछिया पुलिस जिला के एसपी वैभव शर्मा से मुलाकात कर अपने पुत्र की जल्द सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार निखिल कुमार 21 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे बासा से घर आने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
परिवार वालों ने आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। बेटे के अचानक लापता हो जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पिता प्रवेश यादव ने आरोप लगाया है कि गुलशन कुमार और बादल कुमार नामक दो युवक उनके पुत्र को टेंपो से नवगछिया स्टेशन ले गए थे और वहां से महानंदा एक्सप्रेस ट्रेन में बैठाकर कहीं भेज दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान दोनों युवक सही जानकारी देने के बजाय लगातार गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
मामले को लेकर परिजनों ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
इधर, परबत्ता थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए बालक की तलाश कर रही है।













