


कटिहार (कुरसेला) — एनएच-31 पर गुरुवार देर रात एक बार फिर तेज रफ्तार वाहन ने कहर बरपाया, जिसमें देवीपुर चौक के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 50 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान महेश्वर ऋषि (उम्र 50 वर्ष), निवासी देवीपुर ग्राम, कुरसेला थाना क्षेत्र के रूप में की गई है। बताया जाता है कि वह सड़क पार कर रहे थे, तभी पूर्णिया की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क किनारे जा गिरे और उनके सिर व पैर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद गश्ती पर मौजूद कुरसेला थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को लहूलुहान अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कुरसेला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
चिकित्सकों के अनुसार, सिर में गंभीर चोट और अधिक रक्तस्राव के कारण उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।














