


भागलपुर। भागलपुर नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) के सात सदस्यों के चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में संपन्न हो गया। उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रदीप कुमार सिंह की निगरानी में आयोजित चुनाव में नगर निगम के 49 वार्ड पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 22 प्रत्याशियों ने सात पदों के लिए चुनावी मैदान में किस्मत आजमाई।
मतदान के बाद हुई मतगणना में सात सदस्यों का निर्वाचन किया गया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान डाले गए मतों में एक मत अवैध घोषित किया गया। इस बार की स्थायी समिति में चार नए चेहरों को पहली बार जगह मिली है, जिससे नगर निगम की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है।
निर्वाचन परिणाम के अनुसार डॉ. प्रीति शेखर, संजय सिन्हा, निकेश कुमार, अभिषेक आनंद मिश्रा, मनीष कुमार, अश्वनी जोशी (मोंटी) तथा बबीता देवी को स्थायी समिति का सदस्य निर्वाचित घोषित किया गया। इनमें अभिषेक आनंद मिश्रा, मनीष कुमार, अश्वनी जोशी (मोंटी) और बबीता देवी पहली बार स्थायी समिति के सदस्य बने हैं।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान नगर निगम परिसर में उत्साह का माहौल रहा और समर्थकों ने विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी।
उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि चुनाव पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे नगर निगम के विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देंगे।
वहीं नवनिर्वाचित सदस्यों ने कहा कि वे सभी वार्ड पार्षदों को साथ लेकर भागलपुर शहर के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल, सड़क, जलनिकासी और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।
नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति को नगर सरकार का ‘कैबिनेट’ माना जाता है। नगर निगम के महत्वपूर्ण वित्तीय, प्रशासनिक और विकासात्मक निर्णयों में इसकी अहम भूमिका होती है। ऐसे में इस चुनाव को नगर निगम की राजनीति का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
















