5
(1)

नगर परिषद की पहल से राहगीरों, दुकानदारों और आम लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

नवगछिया। भीषण गर्मी के बीच आम नागरिकों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवगछिया नगर परिषद ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। शनिवार को नवगछिया बाजार में स्थापित शुद्ध पेयजल एटीएम का उद्घाटन नगर परिषद की सभापति प्रीति कुमारी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नगर परिषद के अधिकारियों तथा गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सभापति प्रीति कुमारी ने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य शहरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी सोच के तहत बाजार क्षेत्र में शुद्ध पेयजल एटीएम की स्थापना की गई है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों, यात्रियों एवं आम नागरिकों को निशुल्क स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में पेयजल की आवश्यकता काफी बढ़ जाती है। ऐसे में बाजार जैसे व्यस्त इलाके में इस सुविधा की शुरुआत लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। नगर परिषद द्वारा आने वाले दिनों में नगर क्षेत्र के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी पेयजल एटीएम एवं प्याऊ स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है।

कार्यक्रम में मौजूद सशक्त स्थायी समिति के सदस्य रंजीत भगत उर्फ मुन्ना भगत, पार्षद चम्पा कुमारी एवं समाजसेवी मुकेश राणा ने नगर परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शुद्ध पेयजल की उपलब्धता आम लोगों को बड़ी राहत देगी। प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही वाले बाजार क्षेत्र में इस सुविधा की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

उद्घाटन के दौरान नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि जल एटीएम के नियमित संचालन एवं रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि लोगों को लगातार स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि नगर परिषद नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार कार्य कर रही है और भविष्य में भी जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।

इस अवसर पर सिटी मैनेजर, प्रधान लिपिक आलोक गुप्ता, सौरभ कुमार, प्रभाकर कुमार, प्रीतम कुमार सहित नगर परिषद के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद लोगों ने पेयजल एटीएम का उपयोग कर नगर परिषद की इस जनहितकारी पहल का स्वागत किया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: