


उच्च माध्यमिक विद्यालय पुनामा प्रतापनगर में आयोजित हुआ भव्य विदाई सह सम्मान समारोह
नवगछिया प्रखंड अंतर्गत उच्च माध्यमिक विद्यालय, पुनामा प्रतापनगर के प्रांगण में विद्यालय की शिक्षिका आशा कुमारी के सेवानिवृत्त होने पर भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक भरतलाल मंडल ने की, जबकि मंच संचालन माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व अनुमंडलीय सचिव मोहम्मद अख्तर आलम एवं पूर्व प्रधानाध्यापक मोहम्मद इफ्तेखार आलम ने संयुक्त रूप से किया।
समारोह में उपस्थित शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं वक्ताओं ने आशा कुमारी के शिक्षकीय जीवन, उनके समर्पण, अनुशासन और सामाजिक योगदान की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि आशा कुमारी एक कर्मठ, मिलनसार एवं प्रतिभाशाली शिक्षिका रही हैं, जिन्होंने अपने शिक्षण कार्य से हजारों विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उनके पढ़ाए हुए अनेक छात्र आज विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर अपने परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।
वक्ताओं ने कहा कि आशा कुमारी ने शिक्षा के क्षेत्र में न केवल अपनी विशिष्ट पहचान बनाई, बल्कि विद्यार्थियों, अभिभावकों और सहकर्मी शिक्षकों के बीच भी सम्मान अर्जित किया। उनके सरल व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा के कारण विद्यालय परिवार में उनका विशेष स्थान रहा है।
इस अवसर पर उनके दिवंगत पति एवं नवगछिया अनुमंडल के प्रसिद्ध समाजसेवी तथा एलआईसी के डीओ रहे रामावतार दास को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनके निधन के बाद भी आशा कुमारी समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उनके अधूरे सपनों को साकार करने का निरंतर प्रयास कर रही हैं।
समारोह में मुख्य रूप से नवगछिया प्रमुख प्रतिनिधि मानकेश्वर सिंह उर्फ मंटू सिंह, विधान परिषद प्रत्याशी डॉ. नीतेश कुमार, अनुमंडल सचिव डॉ. चंदन कुमार, अखिल भारतीय शैक्षिक संघ के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य युगेश कुमार, प्रधानाध्यापक संजीव कुमार, अभय कुमार सिंह, रणजीत दास, रजी आलम, रौशन कुमार, विक्रम कुमार, निरुपमा कुमारी, खुशबू कुमारी, नेहा कुमारी, मृणाल सुलभ, श्रुति प्रिया, रंगोली कुमारी शर्मा, रूक्मिणी कुमारी, रश्मि भारद्वाज, रश्मि भारती, वीणा कुमारी, बुलो भारती, राजेश कुमार, शेख मोहम्मद दाऊद, चन्द्रशेखर, शशि शेखर, राजशेखर एवं अनंत शेखर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान लोकगायक विजेंद्र यादव द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण गीत एवं गजलों ने माहौल को भावुक बना दिया। उनकी प्रस्तुति से उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं और समारोह यादगार बन गया।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से आशा कुमारी को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा सेवा उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय रहा है और विद्यार्थियों का स्नेह उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।
समारोह में सैकड़ों शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने आशा कुमारी के स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
















