5
(1)

पूर्वजों के उद्धार एवं जनकल्याण के लिए बहेगी भक्ति और ज्ञान की अविरल धारा

नवगछिया : श्री शिव शक्ति योग पीठ के तत्वावधान एवं परम पूज्य स्वामी आगमानंद जी महाराज के सानिध्य में गोपालपुर प्रखंड के सैदपुर स्थित महावीर मंदिर परिसर एवं युगांतर पुस्तकालय में आगामी 5 जून से 11 जून 2026 तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है तथा तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

आयोजकों के अनुसार सात दिनों तक चलने वाले इस आध्यात्मिक महोत्सव में प्रसिद्ध कथा व्यास एवं मानस-भागवत मर्मज्ञ पंडित प्रेम शंकर भारती श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण की अमृतमयी कथा का श्रवण कराएंगे। कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य चरित्र, भक्ति, धर्म, ज्ञान एवं वैराग्य के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा।

कथावाचक पंडित प्रेम शंकर भारती ने बताया कि वर्तमान समय आध्यात्मिक साधना, धर्म-कर्म एवं पितरों के कल्याण के लिए अत्यंत पुण्यदायी है। ऐसे पावन अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में नैतिक मूल्यों, सदाचार और भक्ति भावना को जागृत करने का एक सशक्त माध्यम है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पर पहुंचकर कथा श्रवण करने तथा धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है तथा पूर्वजों और पितरों की आत्मा को भी शांति प्राप्त होती है।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। कथा के दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन, प्रवचन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए स्थानीय ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं का सहयोग भी लगातार मिल रहा है। आयोजकों ने इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक आयोजन बताते हुए सभी श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: