


अपराध नियंत्रण और सुरक्षा को लेकर विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई विशेष जांच, संदिग्धों की ली गई तलाशी
नवगछिया । बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के तहत मंगलवार की देर रात नवगछिया पुलिस जिले में व्यापक स्तर पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व स्वयं पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनिकेत अमर ने किया।
अभियान के दौरान एसपी वैभव शर्मा और एसडीपीओ अनिकेत अमर ने कई जांच स्थलों का निरीक्षण किया तथा पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक स्वयं सड़क पर उतरकर वाहनों की जांच करते नजर आए। उन्होंने वाहन चालकों से पूछताछ की और जांच प्रक्रिया की निगरानी की।
विशेष अभियान के तहत दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन तलाशी ली गई। वाहनों के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनसे पूछताछ भी की गई। पुलिस टीम ने अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर जांच अभियान संचालित किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना, फरार अपराधियों की पहचान करना तथा आम लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। देर रात तक चले इस अभियान के दौरान कई वाहनों की जांच की गई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी भी दी गई।
एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि नवगछिया पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अपराधियों, असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है और किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। विशेष वाहन जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।













