


ईंट से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी गांव की निवासी अंजनी देवी ने अपने पुत्र रितेश कुमार पर जानलेवा हमला करने तथा परिवार के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दर्ज प्राथमिकी में अंजनी देवी ने बताया है कि तीन मई की सुबह वह अपने पति अशोक सिंह एवं पुत्र रितेश कुमार को भोजन करा रही थीं। दोनों भोजन करने के बाद खेत में काम करने जाने वाले थे। इसी दौरान गांव के केशव कुमार उनके घर के गेट पर पहुंचकर जोर-जोर से धक्का देने लगा। विरोध करने पर आरोपित ने कथित रूप से उनके पुत्र पर जानलेवा हमला करते हुए ईंट से सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान आरोपित ने उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया तथा उनकी साड़ी खींचने का प्रयास किया। जब उनके पति अशोक सिंह बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपित ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया।
प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपित उनकी पुत्री को अपहरण कर कहीं बेच देने की धमकी देता है। साथ ही मामले में शिकायत या कानूनी कार्रवाई करने पर पूरे परिवार की हत्या कर देने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद पीड़िता ने नवगछिया थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













