


पूर्णिया। कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लाखों रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी और सुखद खबर सामने आ रही है। वर्षों से पटना से पूर्णिया तक रात्रिकालीन ट्रेन सेवा की मांग कर रहे लोगों की उम्मीदें अब परवान चढ़ती दिखाई दे रही हैं। सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के लगातार प्रयासों के बाद पटना से सहरसा के रास्ते पूर्णिया कोर्ट तक नई रात्रिकालीन ट्रेन चलाने के प्रस्ताव पर रेलवे गंभीरता से विचार कर रहा है। यदि यह प्रस्ताव स्वीकृत हो जाता है तो सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना से सीधे और सुविधाजनक रेल संपर्क की बड़ी सौगात मिलेगी।
जानकारी के अनुसार पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा और सुपौल सहित पूरे सीमांचल-कोसी क्षेत्र के यात्रियों को लंबे समय से रात्रिकालीन ट्रेन सेवा का इंतजार है। वर्तमान में पटना जंक्शन से कोसी एक्सप्रेस के प्रस्थान के बाद इस क्षेत्र के लिए कोई सीधी रात्रिकालीन ट्रेन उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर छात्रों, मरीजों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को यात्रा के दौरान परेशानी झेलनी पड़ती है।
इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे को सांसद पप्पू यादव ने कई बार संसद में मजबूती से उठाया। उन्होंने लोकसभा में कोसी-सीमांचल क्षेत्र की रेल समस्याओं को प्रमुखता से रखा तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से व्यक्तिगत मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। सांसद ने रेल मंत्रालय को अवगत कराया कि पूर्णिया और आसपास के जिलों की आबादी लगातार बढ़ रही है तथा यात्रियों की संख्या में भी तेजी से वृद्धि हो रही है। इसके बावजूद क्षेत्र को अपेक्षित रेल सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया को सड़क, रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में मजबूत बनाना विकास की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि रेलवे अधिकारियों के साथ लगातार संवाद जारी है और पटना से पूर्णिया कोर्ट तक रात्रिकालीन ट्रेन सेवा शुरू करने की दिशा में सकारात्मक पहल हुई है।
उन्होंने कहा कि यदि यह ट्रेन सेवा शुरू होती है तो हजारों छात्रों को शिक्षा के लिए पटना आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। मरीजों को राजधानी के बड़े अस्पतालों तक पहुंचने में सुविधा होगी, वहीं व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों का समय और खर्च दोनों कम होंगे। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार प्रस्तावित ट्रेन पटना से सहरसा, सुपौल, मधेपुरा होते हुए पूर्णिया कोर्ट तक संचालित की जा सकती है। इससे उन जिलों को भी लाभ मिलेगा जो वर्तमान में बेहतर रात्रिकालीन रेल सेवा से वंचित हैं। ट्रेन के परिचालन से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी बल्कि क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि सीमांचल के विकास से जुड़े हर मुद्दे को वह पूरी मजबूती के साथ उठाते रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि रेलवे मंत्रालय जनता की इस बहुप्रतीक्षित मांग को जल्द स्वीकृति देगा और आने वाले दिनों में पटना से पूर्णिया कोर्ट तक रात्रिकालीन ट्रेन सेवा का सपना साकार होगा।
इस खबर के सामने आने के बाद पूरे कोसी-सीमांचल क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें राजधानी पटना से सीधे रात्रिकालीन रेल सेवा की सुविधा मिलेगी, जिससे वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।

















