


मधेपुरा संवाददाता। मधेपुरा शहर के लक्ष्मीपुर मोहल्ला स्थित वार्ड संख्या-16 में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। चिल्ड्रेन पार्क के समीप तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर में घुस गई, जिससे घर के अंदर सो रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों के बीच चीख-पुकार गूंज उठी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना रात करीब दो बजे की है। अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग नींद से जाग गए। जब लोग घरों से बाहर निकले तो देखा कि एक बोलेरो वाहन घर की दीवार तोड़ते हुए सीधे कमरे के अंदर घुस चुका था। घटना की भयावहता देखकर लोग स्तब्ध रह गए।
हादसे में मृत महिला की पहचान लक्ष्मीपुर निवासी राधा देवी (40 वर्ष), पति शंकर साह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि राधा देवी अपने घर के कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रही बोलेरो नियंत्रण खो बैठी और घर की दीवार तोड़ते हुए सीधे उस कमरे में घुस गई, जहां वह सो रही थीं। वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई
स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के घर में मातम पसरा हुआ है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि घर के अन्य सदस्य भी उस समय घर में मौजूद थे, लेकिन संयोगवश वे इस हादसे में बाल-बाल बच गए। यदि बोलेरो कुछ और आगे बढ़ जाती तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है तथा चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन चालक द्वारा नियंत्रण खो देने को हादसे का कारण माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

















