5
(3)

25 स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश

पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने विद्युत अधिकारियों को दिए निर्देश, फ्यूज कॉल और ओवरलोडिंग की समस्या से मिलेगी राहत

कटिहार। भीषण गर्मी के बीच लगातार बढ़ रही बिजली की मांग और उपभोक्ताओं की समस्याओं को देखते हुए बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता तारकिशोर प्रसाद ने विद्युत विभाग को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने विद्युत कार्यपालक अभियंता को कटिहार नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में निर्बाध और सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी के इस मौसम में लोगों की बिजली पर निर्भरता काफी बढ़ जाती है। ऐसे समय में बार-बार बिजली बाधित होने, ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड पड़ने और फ्यूज उड़ने की शिकायतें आम हो जाती हैं। इन समस्याओं को दूर करने के लिए कटिहार नगर के लगभग 25 स्थानों पर नए विद्युत ट्रांसफार्मर और आवश्यकतानुसार नए बिजली उपकेंद्र (बीएसएस) स्थापित किए जाने की आवश्यकता है।

उन्होंने विशेष रूप से गांधीनगर (खाद फैक्ट्री के पास), लाल कोठी (लॉ कॉलेज के समीप), ड्राइवर टोला, रामपाड़ा पेट्रोल पंप के नजदीक, वायरलेस गली, गामी टोला स्थित वरदान बैंक्विट के पास, हाई स्कूल पाड़ा, डीएस कॉलेज क्षेत्र, विजन स्टूडियो के समीप, सलामत नगर, बड़ा बाजार नया टोला, मिरचाईबाड़ी, ललियाही, अमला टोला और बिनोदपुर सहित कई क्षेत्रों में नए ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया है।

तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि जिन इलाकों में लगातार फ्यूज कॉल की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं और जहां बिजली के अधिभार के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए तकनीकी खामियों को दूर करना और जरूरत के अनुसार क्षमता विस्तार करना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि उपभोक्ताओं को गर्मी के मौसम में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जाए। ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, जर्जर उपकरणों को बदलने और विद्युत नेटवर्क को सुदृढ़ करने की दिशा में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। बिजली जैसी मूलभूत सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कटिहार नगर के सभी प्रभावित क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से आवश्यक विद्युत अवसंरचना विकसित कर उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाई जाएगी।

स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि नए ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद बिजली की लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग और बार-बार आपूर्ति बाधित होने की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: