


पानी लाने निकला था 11 वर्षीय अंकित, हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
नवगछिया पुलिस जिला के खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत अठगामा गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। ट्रैक्टर की चपेट में आने से छठी कक्षा में पढ़ने वाले छात्र अंकित कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक की पहचान छोटी अठगामा निवासी संतोष शर्मा के पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार को अंकित घर से पानी लाने के लिए नवादा की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर ने छात्र को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोग जब तक उसे बचाने के लिए दौड़े, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। हादसे की खबर गांव में फैलते ही माहौल गमगीन हो गया। परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे घटनास्थल की ओर दौड़े। बेटे के शव को देखकर माता-पिता और परिजनों का विलाप सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
अंकित कुमार परिवार का सबसे छोटा बेटा था। वह स्थानीय विद्यालय में छठी कक्षा का छात्र था और पढ़ाई में काफी होनहार बताया जाता था। उसके बड़े भाई बादल कुमार आईटीआई की पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि मंझला भाई अभिषेक कुमार सातवीं कक्षा का छात्र है। परिवार को उम्मीद थी कि अंकित पढ़-लिखकर उनका नाम रोशन करेगा, लेकिन एक सड़क हादसे ने परिवार के सभी सपनों को चकनाचूर कर दिया।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सूचना मिलने पर खरीक थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी, लेकिन दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त करने के बजाय उसे वहां से जाने दिया गया। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस तत्काल कार्रवाई करती तो दुर्घटना में शामिल वाहन को मौके पर ही कब्जे में लिया जा सकता था। इस आरोप को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
इधर सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही हैं ।

घटना के बाद अठगामा गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर चालक की पहचान कर उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में ट्रैक्टर और भारी वाहनों की तेज रफ्तार आम बात हो गई है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
















