



पूर्णिया । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पूर्णिया नगर निगम द्वारा जेल चौक स्थित ग्रीन जोन पार्क में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर विभा कुमारी ने की। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता साथियों एवं स्थानीय नागरिकों ने फलदार और छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण बचाने और हरित पूर्णिया बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर विभा कुमारी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर है। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में एक सप्ताह तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, पौधारोपण अभियान और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके।

महापौर ने कहा कि “एक पेड़ सौ पुत्रों के समान होता है।” आज पूरी दुनिया वैश्विक ऊष्मीकरण, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। कभी अपनी हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता के लिए “पूर्ण अरण्य” तथा “मिनी दार्जिलिंग” के नाम से प्रसिद्ध पूर्णिया में भी अब मौसम के बदलते स्वरूप का असर साफ दिखाई देने लगा है। ऐसे समय में वृक्षारोपण और हरित क्षेत्र का विस्तार ही भविष्य को सुरक्षित बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या प्रशासन का दायित्व नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक नागरिक वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, पारिवारिक उत्सव और अन्य विशेष अवसरों पर पौधारोपण को परंपरा का हिस्सा बनाएं।
महापौर ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए अभी से ठोस कदम उठाने होंगे। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का मुकाबला केवल अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कर ही किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण के अनुकूल आदतों को अपनाएंगे, प्लास्टिक के उपयोग को कम करेंगे, जल संरक्षण को बढ़ावा देंगे तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करेंगे। साथ ही परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करेंगे।
पौधारोपण अभियान के दौरान पार्क परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने हरित एवं स्वच्छ पूर्णिया के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का भरोसा जताया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन, अंकिता भारद्वाज, नलिन भूषण, सारिका यादव, सभी स्वच्छता साथी, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
















