5
(1)

मिलिया कॉन्वेंट स्कूल परिसर में चला हरित अभियान, विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

पूर्णिया । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) क्षेत्रक मुख्यालय, पूर्णिया द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। उच्च मुख्यालय के निर्देशानुसार क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया के उप-महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ के मार्गदर्शन में स्थानीय मिलिया कॉन्वेंट स्कूल, वनभाग पूर्णिया परिसर में आयोजित इस अभियान में अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में लगभग 200 पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पौधों की देखभाल का संकल्प भी लिया।

 

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती रुमा सिन्हा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक कमांडेंट शंभु नाथ बर्मन ने विद्यार्थियों को पेड़-पौधों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के आधार हैं। इनके बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना संभव नहीं है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी उपाय है।

 

उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अपनी माता के नाम पर अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल करें। उन्होंने कहा कि एक पौधा केवल पेड़ नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और सुरक्षित भविष्य का आधार है।

 

सहायक कमांडेंट ने कहा कि आज पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक आंदोलन का रूप लेना चाहिए। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाने और उसकी सुरक्षा का संकल्प ले, तो देश को हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।

 

कार्यक्रम में क्षेत्रक मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल, पूर्णिया के अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों तथा संदिक्षा सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों की सुरक्षा और अधिकाधिक पौधारोपण करने का सामूहिक संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन और एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: