


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है।
मेरा युवा भारत भागलपुर के नवगछिया प्रखंड स्वयंसेवक एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दक्षिण बिहार राष्ट्रीय कला मंच के प्रांत संयोजक विश्वास वैभव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। अनियमित वर्षा, बढ़ता तापमान और प्राकृतिक आपदाओं की बढ़ती घटनाएं हमें सचेत कर रही हैं। यदि अभी से जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को इसके दुष्परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर अध्यक्ष ओम सिंह ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। बढ़ते शहरीकरण और पेड़ों की अंधाधुंध कटाई से पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है। ऐसे में अधिक से अधिक पौधारोपण करना और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण समय की मांग है। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण बचाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की

वहीं नगर मंत्री शुभम कुमार ने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण ही बेहतर भविष्य की आधारशिला है। आज प्लास्टिक प्रदूषण पूरी दुनिया के लिए एक बड़ी समस्या बन चुका है। इसके दुष्प्रभावों से बचने के लिए लोगों को जागरूक होना होगा। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को आगे आकर स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं ने अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाने तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संयोजक अनुज चौरसिया, जिला संयोजक गौतम साहू, पूर्व जिला संयोजक राहुल शर्मा, नगर सह मंत्री मानस चिरानिया, नगर सह मंत्री सूरज यादव, पूर्व नगर मंत्री विक्की मिश्रा, जीबी कॉलेज मंत्री अंश राज, जीबी कॉलेज उपाध्यक्ष शुभम कुमार सहित दर्जनों युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ के साथ हुआ। सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे प्रकृति संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करेंगे तथा समाज में पर्यावरण जागरूकता फैलाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
















