


श्री शिव शक्ति योग पीठ के तत्वावधान तथा पूज्य स्वामी आगमानंद महाराज के सानिध्य एवं आशीर्वचन के साथ सैदपुर महावीर मंदिर परिसर के युगांतर पुस्तकालय में शुक्रवार से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। आयोजन के पहले दिन धार्मिक अनुष्ठानों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी।
कथा व्यास एवं मानस-भागवत मर्मज्ञ पंडित प्रेम शंकर भारती ने श्रीमद्भागवत महापुराण की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि भागवत कथा मानव जीवन को धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि खरमास का समय पितरों के कल्याण, पुण्य संचय और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए विशेष फलदायी माना गया है। इस दौरान किए गए सत्कर्मों का आध्यात्मिक महत्व और अधिक बढ़ जाता है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा श्रवण कर जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। कथा के दौरान भगवान की विभिन्न लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। वहीं कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजन-कीर्तन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।















