


पूर्णिया संवाददाता। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय कार्यालय, नया टोला लाइन बाजार, पूर्णिया में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस दौरान कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। उपस्थित लोगों ने पौधों की देखभाल करने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और अंधाधुंध वृक्षों की कटाई के कारण प्राकृतिक संतुलन लगातार बिगड़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह पर्यावरण की रक्षा के लिए आगे आए और अधिक से अधिक पौधारोपण करे।
उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। पेड़ न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को याद दिलाने का अवसर है। संगठन आने वाले दिनों में भी पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाता रहेगा।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, पूर्णिया जिला मंत्री अशोक कुमार, नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत, नगर महामंत्री कमल कृष्ण रंजन, नगर उपाध्यक्ष ऋतिक कुमार, वार्ड संख्या 24 के अध्यक्ष नवीन कुमार, महिला मोर्चा नगर मंत्री काजोल गुप्ता, निशा कुमारी, गुड़िया देवी, अनीता देवी, सरिता देवी सहित बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने तथा लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।















