


प्राप्त जानकारी के अनुसार ढोलबज्जा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि युवराज जनरल स्टोर के पीछे स्थित एक गोदाम में अवैध रूप से स्मैक की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल छापेमारी की योजना बनाई और संदिग्ध स्थल पर पहुंचकर कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान ढोलबज्जा निवासी रूपेश कुमार और मो. सद्दाम के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान मो. सद्दाम के पास से स्मैक की पांच पुरिया बरामद हुई, जिसका कुल वजन 2.42 ग्राम पाया गया। वहीं रूपेश कुमार के पास से 19 पुरिया स्मैक बरामद की गई, जिसका वजन 9.16 ग्राम था। दोनों के पास से बरामद स्मैक का कुल वजन 11.58 ग्राम निकला।
पुलिस ने बरामद स्मैक को जब्त करते हुए दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। आवश्यक पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

थाना पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि स्मैक की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है। संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में कुछ और लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है।
ढोलबज्जा थाना पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि नशे के कारोबार से संबंधित कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।















